पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में 44 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार सुबह से मतदान जारी है। इस चरण में केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और राज्य के मंत्री पार्थ चटर्जी तथा अरुप बिस्वास समेत 373 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत का फैसला 1.15 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि हावड़ा जिले में नौ सीटों, दक्षिण 24 परगना में 11, अलीपुरद्वार में पांच, कूचबिहार में नौ और हुगली में 10 सीटों पर कोविड-19 संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करते हुए मतदान हो रहा है। मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गई। मतदान शाम साढ़े छह बजे तक चलेगा। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। 15,940 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 789 टुकड़ियां तैनात की गई है।
सीपीएफ की सबसे अधिक 187 टुकड़ियों की तैनाती कूचबिहार में की गई है जहां चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष पर हमले समेत हिंसा की छिटपुट घटनाएं देखी गई। केंद्रीय बलों की सहायता के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर राज्य पुलिस बल की भी तैनात की गई है। पश्चिम बंगाल में 294 विधानसभा सीटों के लिए आठ चरणों में चुनाव हो रहा है। मतगणना दो मई को होगी।


Download Android App
Download iOS App



