बंगाल के राज्यपाल धनखड़ ने की पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट की जांच की मांग

Summary :

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने राज्य में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की जांच की शनिवार को मांग की। इस विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई थी।

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने राज्य में एक पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की जांच की शनिवार को मांग की। इस विस्फोट में चार लोगों की मौत हो गई थी। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रशासन को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए क्योंकि ऐसे आरोप हैं कि कारखाने में देसी बम बनाए जा रहे थे। 
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट में दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। 
राज्यपाल ने एक बयान में कहा, “नैहाटी के मस्जिदपारा में फैक्ट्री में विस्फोट में कई लोगों की मौत हुई है, जिससे मुझे दुख पहुंचा है। ऐसे आरोप हैं कि अवैध फैक्ट्री में देसी बम बनाए जा रहे थे। इस मामले की गहन जांच होनी चाहिए। प्रशासन में सभी की जवाबदेही तय करने की जरूरत है।” पुलिस ने पहले ही मामले की जांच शुरू कर दी है। 

Desk Team