राज्य में संचालित बैंगलोर मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) कोविड महामारी के बीच टेक सिटी में अपनी सेवाओं को फिर से शुरू करने के लिए तैयार है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया, “हम केंद्रीय गृह मंत्रालय के मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशा निर्देशों के अनुपालन में पूर्व-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण मार्गों पर संचालन फिर से शुरू करने के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।”
कोरोनावायरस महामारी के प्रसार को रोकने के लिए जब राष्ट्रव्यापी बंद लागू किया गया था तो अन्य राज्य-संचालित परिवहन विकल्पों की तरह ही नम्मा मेट्रो ने भी अपनी सेवाओं को 25 मार्च से निलंबित कर दिया था। इस वजह से हजारों यात्रियों को परिवहन के वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
अधिकारी ने कहा, “अनलॉक के तीन चरणों में हालांकि सीमित बस, ट्रेन और विमान सेवाओं को धीरे-धीरे फिर से शुरू करने की अनुमति दी गई थी, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ को रोकने के लिए नियमित एक्सप्रेस/मेल यात्री ट्रेनें और मेट्रो रेल सेवाएं निलंबित रहीं।”
वातानुकूलित कोच के साथ अपने समय की पाबंद, कुशल और साफ-सुथरी सेवा के लिए सबसे लोकप्रिय परिवहन विकल्प के रूप में मेट्रो दोनों तरफा मार्गों पर चार लाख से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाती है। यह मेट्रो 44 स्टेशनों के बीच कुल 42.3 किलोमीटर का मार्ग कवर करती है।
अधिकारी ने कहा, “जैसा कि सामाजिक दूरी को बनाए रखना पड़ रहा है, इसलिए अब दिशानिर्देशों के साथ छह-कोच वाली ट्रेन में यात्रियों की संख्या एक तिहाई तक सीमित की जा सकती है।”अधिकारी ने बताया कि मेट्रो सामान्य समय में प्रति यात्रा पर लगभग 1,000 लोगों को लेकर जाती थी।
NEET और JEE को लेकर बोले सिसोदिया- 28 लाख छात्रों के कोरोना चपेट में आने का खतरा, विकल्प तलाशे केंद्र
अधिकारी ने कोरोना के बढ़ते प्रसार को देखते हुए पूरी एहतियात बरते जाने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि प्रवेश द्वार यात्रियों की स्क्रीनिंग की जाएगी और उनकी सुरक्षा को देखते हुए यात्रा के दौरान मास्क पहनने की सलाह भी दी जाएगी। अधिकारी ने कहा, “जैसा कि अधिकांश यात्री स्मार्टफोन का उपयोग करते हैं, उन्हें वायरस से संक्रमित होने की स्थिति में संपर्क ट्रेसिंग के लिए ‘आरोग्य सेतु’ एप्लिकेशन (ऐप) डाउनलोड करने की सलाह दी जाएगी।”सभी यात्रियों को टोकन के साथ संपर्क को कम करने के लिए मेट्रो स्टेशनों से प्रवेश और निकास के लिए स्मार्ट कार्ड के रूप में ई-टिकट का उपयोग करने की सलाह दी जाएगी।
अधिकारी ने कहा, “हम सरकार से उम्मीद कर रहे हैं कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिशानिर्देशों के तहत चरणबद्ध तरीके से मेट्रो सेवाओं को फिर से शुरू किया जाए।” राज्य और केंद्र के बीच एक संयुक्त उद्यम के रूप में, ऑपरेटर को महामारी के कारण अपनी सेवाओं के निलंबन के कारण पिछले पांच महीनों में 300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



