बिहार के वैशाली जिले के सहदेई सहायक थाना क्षेत्र में बुधवार को एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ जहर खा लिया। इस घटना में महिला और उसके एक बच्चे की मौत हो गई। दूसरे बच्चे का इलाज अस्पताल में चल रहा है। सहदेई सहायक थाना के प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि फतेहपुर बुजुर्ग गांव के रहने वाले मुकुल मांझी की पत्नी रेशमा देवी ने बुधवार को पारिवारिक विवाद से गुस्साकर घर में रखा जहरीला पदार्थ अपने दो बच्चों को खिलाकर खुद भी खा लिया।
इस घटना के बाद महिला और उसके पुत्र नितेश की मौत हो गई। जबकि डेढ़ वर्षीय बच्ची अनिशा जोर-जोर से रोने लगी और उल्टी करने लगी। पड़ोस के लोगों ने जब उसके घर में जाकर देखा, तब उन्हें जहरीले पदार्थ की गंध आई। आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल ले जाया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है तथा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मृतका का पति मुकुल मजदूरी करता है।


Download Android App
Download iOS App



