लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान होते ही रामनीतिक उठा-पटक जारी है। ओडिशा में नबरंगपुर लोकसभा सीट से बीजू जनता दल सांसद बलभद्र माझी शनिवार को केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान और जुएल ओरांव की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गये। बीजेपी में शामिल होने के बाद बलभद्र माझी ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की।
इस दौरान यहां बीजेपी मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी के ओडिशा के प्रभारी अरुण सिंह तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैंजयत पांडा भी मौजूद थे। बलभद्र माझी ने बीजद से गुरुवार को इस्तीफा दे दिया था और माना जा रहा है कि वह इसी लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।
दोनों केन्द्रीय मंत्रियों ने बलभद्र माझी के पार्टी में शामिल होने पर कहा कि उनके बीजेपी का दामन थामने से पार्टी को लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव में काफी सहारा मिलेगा। इस बीच, बीजद सूत्रों ने बताया कि पार्टी प्रमुख नवीन पटनायक इस लोकसभा क्षेत्र में पूर्व राज्य मंत्री रमेश माझी को उतार सकते हैं। यह भी रिपोर्टें हैं कि कांग्रेस यहां से प्रदीप कुमार माझी को उम्मीदवार बना सकती है।


Download Android App
Download iOS App




