भारतीय जनता पार्टी ने असम की तीन विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने एक प्रेस रिलीज में जानकारी दी है कि भबानीपुर विधानसभा क्षेत्र से फणीधर तालुकदार चुनाव लड़ेंगे, जबकि मरिआनी क्षेत्र से रूपज्योति कुर्मी मैदान में उतरेंगी। वहीं, थौरा विधानसभा क्षेत्र से सुशांता बोरगोहेन का नाम उम्मीदवार के तौर पर सामने आया है।

कुर्मी और बोरगोहेन ने हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जबकि तालुकदार ने ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के टिकट पर जीत दर्ज की थी। तीनों नेताओं ने भाजपा का दामन थामने के बाद विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। विपक्षी दलों के विधायकों को भाजपा में शामिल कराकर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहते हैं। इसी प्रयास के तहत तीनों विपक्षी विधायकों को उन्होंने पार्टी में शामिल कराया।
इन तीनों सीटों के अलावा राज्य के बीटीआर क्षेत्र के गोसाईगांव और तमुलपुर सीट पर भी उपचुनाव होने हैं। गोसाईगांव से मौजूदा विधायक मजेंद्र नारजारी और तमुलपुर से लेहो राम बोरो की कोविड-19 से मौत होने के कारण इन सीटों पर उप चुनाव कराया जा रहा है।
असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 60 विधायक हैं। भाजपा की सहयोगी असम गण परिषद और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के क्रमश: नौ और पांच विधायक हैं। कांग्रेस के 27 विधायक, एआईयूडीएफ के 15, बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के तीन और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का एक विधायक है जबकि एक निर्दलीय विधायक है।


Download Android App
Download iOS App



