भाजपा ने सोमवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में हुई हालिया हिंसा राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा रचे गए एक सुनियोजित षड्यंत्र का परिणाम थी और उनके इस्तीफे की मांग की। पार्टी के दो अन्य सांसदों के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा की हुगली से सांसद लॉकेट चटर्जी ने विषय में केंद्र से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया और हिंसा की एनआईए से जांच कराने की भी मांग की।
मुस्लिम वोट को खुश करने के लिए रचा था षड्यंत्र
उन्होंने आरोप लगाया कि रामनवमी के दिन से पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा की घटनाएं बनर्जी द्वारा रचे गए एक सुनियोजित षड्यंत्र का परिणाम हैं। भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान चटर्जी के साथ पश्चिम बंगाल से पार्टी की सांसद देबाश्री चौधरी और खगेन मुर्मू भी थे। चटर्जी ने कहा, मुस्लिम वोट को एकजुट करने और मुस्लिमों को खुश करने के लिए ममता बनर्जी द्वारा रचे गये एक सुनियोजित षड्यंत्र का यह (हिंसा) परिणाम है।

पश्चिम बंगाल में हिंदू खतरे में है किया दावा
हुगली से सांसद ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बनर्जी पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया और दावा किया कि पश्चिम बंगाल में हिंदू खतरे में हैं। बनर्जी ने शुक्रवार को दावा किया था कि रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा के लिए दक्षिणपंथी संगठनों के साथ भाजपा जिम्मेदार है।

ममता बनर्जी पर साधा निशाना
भाजपा नेता ने कहा, ममता बनर्जी झूठ बोल रही हैं। हम चाहते हैं कि केंद्र सरकार इसे (विषय को) उपयुक्त रूप से देखे। हम एनआईए जांच की मांग कर रहे हैं। चटर्जी ने कहा, हम पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री पद से ममता (बनर्जी) का इस्तीफा भी चाहते हैं।


Download Android App
Download iOS App



