महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को 100 करोड़ के वसूली कांड पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उद्धव सरकार पर हमला किया। उन्होंने दावा किया कि गृह मंत्री अनिल देशमुख आइसोलेशन में नहीं थे, बल्कि उन्होंने कई लोगों से मुलाकात की थी। पूर्व मुख्यमंत्री ने देशमुख का बचाव किए जाने पर शरद पवार पर भी परोक्ष रूप से निशाना साधा।
देवेंद्र फडणवीस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कल आदरणीय पवार साहब को सही ब्रीफिंग नहीं दी गई थी, एक राष्ट्रीय नेता के मुंह से गलत बातें कहलवाई गईं। 15 से 27 फरवरी के बीच गृह मंत्री जो होम क्वारंटीन थे, वो आइसोलेशन में नहीं थे। कई लोग उनसे मिले हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक अनिल देशमुख 17 फरवरी को सहयाद्री गेस्ट हाउस में थे, 24 फरवरी को वो अपने घर से मंत्रालय पहुंचे।
परमबीर सिंह ने SC से की देशमुख के खिलाफ CBI जांच की मांग, याचिका पर 26 मार्च को हो सकती है सुनवाई
उन्होंने कहा कि ट्रांसफर का रैकेट कमिश्नर ऑफ इंटेलिजेंस ने पकड़ा, पकड़ने से पहले DG और ACS होम की अनुमति ली और मुख्यमंत्री तक रिपोर्ट पहुंचाई। अब तक रिपोर्ट पर कार्रवाई नहीं की गई। मैंने आज दिल्ली में गृह सचिव से मिलने का समय मांगा है, मैं CBI से जांच कराने की मांग करूंगा।
गौरतलब है कि मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख परमबीर सिंह के महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख पर प्रति महीने 100 करोड़ रुपये की वसूली वाले आरोपों के बाद से एनसीपी-शिवसेना लगातार गृह मंत्री का बचाव कर रही है। सोमवार को एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि 6 से 15 फरवरी तक अनिल देशमुख अस्पताल में थे।


Download Android App
Download iOS App



