पश्चिम बंगाल में पुलिस ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने यहां एक मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में आने के आरोप में एक स्थानीय भाजपा नेता को हिरासत में लिया है। बहरहाल भाजपा के दक्षिण मंडल सभापति मोहन सिंह ने दावा किया कि भगवा पार्टी की उम्मीदवार भारती घोष ने उन्हें वहां बुलाया था।
पूर्व आईपीएस अधिकारी घोष ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सिंह की पिटाई की। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पीठासीन अधिकारी से शिकायत की कि हमारे पार्टी के एजेंटों को मतदान केंद्रों पर बैठने नहीं दिया जा रहा है। टीएमसी के कार्यकर्ता हमारे एजेंटों को धमका रहे हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि इस बीच भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने उस समय सड़कों को अवरुद्ध कर दिया जब सिंह को नजदीक के पुलिस थाने ले जाया जा रहा था। डेबरा विधानसभा सीट से दो पूर्व आईपीएस अधिकारी आमने-सामने हैं। भाजपा की भारती घोष और सत्तारूढ़ टीएमसी के हुमायूं कबीर इस सीट पर एक-दूसरे को चुनौती दे रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



