हमले के बाद बढ़ाई गई कैलाश विजयवर्गीय की सुरक्षा, Z प्लस सिक्योरिटी के साथ बुलेट प्रूफ कार

Summary :

कैलाश विजयवर्गीय की सुरक्षा अन्य राज्यों में ‘जेड’ श्रेणी की ही रहेगी, जिसमें एक पीएसओ के अलावा 35 से अधिक सुरक्षाकर्मी शामिल रहते हैं।

पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर में बीते दिनों पत्थरबाज़ी का शिकार हुए बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की सुरक्षा में इजाफा हुआ है। उनकी सुरक्षा बढ़ाकर Z श्रेणी की कर दी गई है, इसके साथ ही बुलेट प्रूफ गाड़ी भी मुहैया कराई गई है। चार दिन पहले हुए इस हमले में कैलाश विजयवर्गीय कुछ चोटें आई थी।
पश्चिम बंगाल में बीजेपी के प्रभारी ने कहा, ‘‘केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार मुझे बुलेट प्रूफ वाहन मुहैया कराया गया है।’’ विजयवर्गीय को पश्चिम बंगाल में बीजेपी मामलों का प्रभारी बनाया गया है, जहां 2021 की पहली छमाही में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। 

किसान भाइयों की बात सुनने और हर गलतफहमी दूर करने को तैयार : राजनाथ सिंह

गृह मंत्रालय (एमएचए) के एक आदेश में कहा गया है कि विजयवर्गीय को पश्चिम बंगाल में ‘जेड प्लस’ सुरक्षा प्रदान की जाएगी और विधानसभा चुनाव से पहले उनके पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रचार और अन्य राजनीतिक गतिविधियों के लिए संवेदनशील क्षेत्रों की यात्रा के दौरान वह बुलेट प्रूफ वाहन में यात्रा करेंगे। वहीं सीआईएसएफ कमांडो भी उन्नत सुरक्षा व्यवस्था के तहत बीजेपी नेता को सुरक्षा प्रदान करना जारी रखेंगे। 
पश्चिम बंगाल में उनकी यात्रा के दौरान दो निजी सुरक्षा अधिकारियों के अलावा, लगभग 70 सीआईएसएफ कमांडो को सुरक्षा के लिए तैनात किया जाएगा। बीजेपी नेता की सुरक्षा अन्य राज्यों में ‘जेड’ श्रेणी की ही रहेगी, जिसमें एक पीएसओ के अलावा 35 से अधिक सुरक्षाकर्मी शामिल रहते हैं। 
बता दें कि पिछले दिनों बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा जब कोलकाता से दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर जा रहे थे, तब उनके काफिले के साथ जा रहे कैलाश विजयवर्गीय की गाड़ी पर हमला हुआ था। हमले में विजयवर्गीय और बीजेपी उपाध्यक्ष मुकुल रॉय को चोटें आई थीं। 

Desk Team