भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चिट्ठी लिखकर कोरोना के बढ़ते प्रकोप से बचाव करने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है। दीपक प्रकाश ने मंगलवार को मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि राज्य में कोरोना महामारी तेजी से फैल रही है और देशभर में झारखंड पांचवें स्थान पर है, जहां संक्रमण दर सबसे अधिक है। वर्तमान समय में यह विकराल रूप ले रहा है। इस समय हम सभी को मिलकर झारखंड की जनता को इस महामारी से बचाना है।
बीजेपी नेता ने आगे लिखा कि राज्य की जनता राज्य सरकार से अपेक्षा करती है कि संकट की इस घड़ी में सरकार संवेदनशील होकर कोरोना महामारी से लड़ने के लिए उचित कदम उठाये। दीपक प्रकाश ने कहा है कि राज्य सरकार को ऐसे समय में कोरोना से लड़ने के लिए अविलंब मरीजों के लिए बेड की व्यवस्था, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर की व्यवस्था तथा पारामेडिकल कर्मी और डॉक्टरों की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए।
भाजपा सांसद ने आगे कहा कि ऐसी परिस्थिति में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को तत्काल एक सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।सामाजिक संगठन के साथ ही विभिन्न क्षेत्र में काम करने वाले संगठनों के साथ वार्ता कर सुझाव लेनी चाहिए। इसके साथ ही एक वेबिनार का अविलंब आयोजन कर जनता को हो रहे परेशानियों को दूर करने के लिए संवाद करना चाहिए। दीपक प्रकाश ने कहा कि वैश्विक महामारी के कारण राज्य की स्थिति चिंताजनक है। साथ ही साथ प्रदेश में टेसि्टंग की हालत भी चिंताजनक है। राज्य में लोगों की हालात लाचार एवं बेबस जैसी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कोविड संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में जल्द से जल्द हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि झारखण्ड की सवा तीन करोड जनता को साथ लेकर हम इस लड़ई को जीतने में सफल होंगे।


Download Android App
Download iOS App



