जयपुर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर ने कहा कि महाराष्ट्र में जनता ने राजग को स्पष्ट बहुमत दिया है और जल्द ही उसकी सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में राजग की सरकार निश्चित रूप से पांच साल रहेगी।
माथुर ने जयपुर में सवांददाताओं से बातचीत में महाराष्ट्र में सरकार के गठन को लेकर भाजपा और सहयोगी दल शिवसेना के बीच चल रहे वाकयुद्व को लेकर कहा कि भाजपा को आंख दिखाने की किसी के पास क्षमता नहीं बची है। हर किसी को अपने गठबंधन धर्म को निभाना चाहिए। जनता ने राजग को स्पष्ट बहुमत दिया है और निश्चित रूप से पांच साल राजग की सरकार रहेगी।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा के नेता देवेन्द्र फडणवीस पांच साल के लिये मुख्यमंत्री बने। माथुर ने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि महाराष्ट्र और हरियाणा, दोनों प्रदेशों में जनता ने भाजपा के मुख्यमंत्रियों को सरकार बनाने के लिये चुना है।
राजस्थान में खींवसर और मंडावा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के परिणाम के बारे में माथुर ने कहा कि खींवसर में गठबंधन की सीट अगर गठबंधन को जाती है तो वह जीत भाजपा की जीत है। सत्ताधारी कांग्रेस के शासन में रहते हुए विपक्ष के गठबंधन की जीत दर्ज करना बड़ी बात होती है और केन्द्र इसे बहुत अच्छी दृष्टि से देखता है। मंडावा सीट पर हम निश्चित रूप से हारे है। यह सीट वास्तव में हमारी सीट नहीं थी।


Download Android App
Download iOS App



