ममता की चिठ्ठी पर BJP का पलटवार – लोकतंत्र की हत्या करने वाले ही आज उपदेश दे रहे है

Summary :

भाजपा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्षी नेताओं को पत्र लिखने के लिए बुधवार को उन्हें आड़े हाथ लिया और कहा कि तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष के शब्दकोष में लोकतंत्र आखिरी शब्द होना चाहिए।

भाजपा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्षी नेताओं को पत्र लिखने के लिए बुधवार को उन्हें आड़े हाथ लिया और कहा कि तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष के शब्दकोष में लोकतंत्र आखिरी शब्द होना चाहिए। बनर्जी ने गैर-भाजपा नेताओं को निजी पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने भारत के लोकतंत्र और संवैधानिक संघवाद पर भाजपा और उसकी सरकार द्वारा ‘‘हमलों’’ को रेखांकित किया है। 
भाजपा महासचिव (संगठन) बी एल संतोष ने बनर्जी के इस पत्र के मद्देनजर ट्वीट किया, ‘‘ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के शब्दकोष में लोकतंत्र आखिरी शब्द होना चाहिए। उनके कार्यकर्ता भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले करते हैं, मतदाताओं को धमकाते हैं, बूथ पर कब्जा करते हैं और अंत में लोकतंत्र पर उपदेश देते हैं।’’ राज्य में दूसरे चरण के मतदान से पहले बनर्जी का यह पत्र तृणमूल कांग्रेस ने जारी किया। 
बनर्जी ने पत्र में लिखा, ‘‘मैं भारत के लोकतंत्र और संवैधानिक संघवाद पर भाजपा और केन्द्र में उसकी सरकार द्वारा हमलों को लेकर अपनी गंभीर चिंताओं से अवगत कराने के लिए आपको, और गैर-भाजपा दलों के कई नेताओं को पत्र लिख रही हूं।’’ 

Ujjwal Jain