प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि असम में पिछले पांच सालों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और अब भाजपा पूर्वोत्तर के इस राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि इसकी झलक पार्टी के चुनावी घोषणापत्र में भी दिखती है।
मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘असम की सेवा का मौका पाकर हमारी पार्टी सम्मानित महसूस कर रही है। पिछले पांच वर्षों में राज्य में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। इसे आगे बढ़ाते हुए हम राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहते हैं। हमारे घोषणापत्र में असम की प्रगति की दृष्टि की झलक मिलती है।’’
ज्ञात हो कि असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने आज गुवाहाटी में पार्टी का घोषणापत्र जारी किया।
पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में ‘‘आत्मनिर्भर असम’’ के लिए ‘‘10 वादे’’ किए हैं, जिसमें उच्चतम न्यायालय में राष्ट्रीय नागरिकता पंजी (एनआरसी) को अनिवार्य करने के लिए पेश की गई प्रविष्टियों को दुरस्त करना भी शामिल है, क्योंकि यह ‘‘ वास्तविक भारतीय नागरिकों की रक्षा करता है और अवैध आव्रजन को रोकता है।’’
भाजपा ने परिसीमन अभ्यास के माध्यम से राज्य में लोगों के राजनीतिक अधिकारों की रक्षा करने, ‘‘मिशन ब्रह्मपुत्र’’ शुरू करके असम को बाढ़ मुक्त करने, ‘ओरुंडोई’ योजना के तहत महिलाओं को दी जाने वाली राशि 830 रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये करने और पात्र निवासियों को ‘भूमि अधिकार’ दिए जाने सहित कई वादे किए हैं।


Download Android App
Download iOS App



