अमरावती : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा और शिवसेना का गठबंधन बहुत मजबूत और अभेद्य है।
वह लोकसभा चुनाव से पहले यहां एक रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और दोनों दलों के कई अन्य नेता भी मौजूद थे। उन्होंने चुनाव अभियान की शुरूआत करते हुए कहा, ‘‘भाजपा-शिवसेना गठबंधन हिंदुत्व दलों का हाथ मिलाना है जिनकी विचारधारा समान है। यह अब तक जमीन पर खड़ा है और भविष्य में भी ऐसा ही रहेगा। ये फेविकोल का मजबूत जोड़ है!’’
उन्होंने कहा, ‘‘गठबंधन अभेद्य है…कुछ लोगों ने हमें अलग करने की कोशिश की क्योंकि वे सत्ता में रहना चाहते थे, लेकिन एक बार जब गठबंधन की घोषणा हो गयी तो वे पीछे हट गए।’’ ठाकरे ने कहा कि उन्होंने कभी भी भाजपा के साथ अपनी पार्टी के मतभेदों को राज्य के हितों को नुकसान नहीं पहुंचाने दिया। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा-शिवसेना गठबंधन एक बड़ा पेड़ बन गया है। हमें किसी भी स्थिति में इसे कीटों को खाने नहीं देना चाहिए। मैं (पोल) सर्वेक्षणों में विश्वास नहीं करता। मुझे अपने आत्मविश्वास पर अधिक भरोसा है, जो मुझे बताता है कि जीत इतनी शानदार होगी कि 48 सीटें (राज्य में) भी कम पड़ जाएंगी। ”
उन्होंने मजाकिया लहजे में फड़णवीस से कहा कि अगर शरद पवार भाजपा में शामिल होना चाहें तो उन्हें पार्टी में जगह नहीं दें। ठाकरे ने कहा, ‘‘राज्य में स्थिति ऐसी है कि जब कभी भाजपा-शिवसेना के नेता विपक्षी नेताओं की आलोचना करते हैं तो वे अगले दिन भाजपा-शिवसेना में शामिल हो जाते हैं। इससे मुझे लगता है कि मुझे आलोचना करनी चाहिए या नहीं? अगर मैं आज पवार की आलोचना करता हूं, तो वह कल भाजपा में शामिल हो सकते हैं। लेकिन उन्हें पार्टी में कोई जगह नहीं दें।”


Download Android App
Download iOS App



