भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई की ओर से आज राज्य के विभिन्न जिलों में चलाए गए घंटानाद आंदोलन के दौरान पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राकेश सिंह समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को राजधानी भोपाल में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
राकेश सिंह समेत पार्टी के बहुत से पदाधिकारी और कार्यकर्ता भोपाल में कलेक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें और पार्टी के विधायकों, पदाधिकारियों और अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी को केंद्रीय जेल ले जाया गया। बता दें कि भाजपा आज राज्य के सभी जिलों में घंटानाद आंदोलन कर रही है।
इसके पहले पार्टी के बहुत से कार्यकर्ता ढोल-मंजीरे बजाते हुए भोपाल कलेक्ट्रेट पहुंचे। पार्टी कार्यकर्ता आरोप लगा रहे थे कि सरकार ‘कुंभकर्णी’ नींद में सो रही है और इसीलिए भाजपा कांग्रेस सरकार को जगाने के लिए आंदोलन कर रही है। पार्टी के आंदोलन के मद्देनजर पुलिस ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के चारों ओर कड़ी सुरक्षा करते हुए बैरीकेड लगा दिए थे, ताकि कार्यकर्ता प्रतिबंधित क्षेत्र में नहीं पहुंच पाए।


Download Android App
Download iOS App



