भाजपा के कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष नलिन कुमार कटील ने मंगलवार को दावा किया कि केरल में 2016 में हुये विधानसभा चुनाव में एक सीट हासिल कर अपना खाता खोलने वाली भारतीय जनता पार्टी इस साल कम से कम दस सीट जीतेगी। केरल में विधानसभा के लिये मंगलवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। प्रदेश में विधानसभा की 140 सीटें हैं।
पुत्तूर में संवाददाताओं को संबोधित करते हुये भाजपा नेता ने भरोसा जताया कि पार्टी मंजेश्वर एवं कासरगोड़ विधानसभा सीटों पर जीतेगी। भाजपा के केरल प्रदेश अध्यक्ष के सुरेंद्रन, मंजेश्वर से पार्टी के उम्मीदवार हैं। कटील ने कहा कि भाजपा आठ अन्य सीटों पर भी चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा कि इनमें मौजूदा नेमॉम विधानसभा सीट भी शामिल है।
चुनाव प्रचार में शामिल रहे कटील ने कहा कि केरल के युवाओं एवं महिलाओं के बीच भाजपा की लोकप्रियता है। भाजपा नेता ने दावा किया कि माकपा की अगुवाई वाली एलडीएफ और कांग्रेस की अगुवाई वाली विपक्षी यूडीएफ पर से लोगों का भरोसा उठ गया है।


Download Android App
Download iOS App



