कोलकाता पुलिस के एक दल ने फेसबुक के जरिये अपने संबोधन के दौरान बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में गोवा से ब्लॉगर रोड्डुर रॉय को मंगलवार दोपहर को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
ब्लॉगर को गोवा में पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने कहा, “उसे आज दोपहर गोवा में हमारे अधिकारियों ने गिरफ्तार किया। उसे ट्रांजिट (पारगमन) हिरासत पर कोलकाता लाया जाएगा। हमारे अधिकारी उसे रिमांड के लिए वहां की एक स्थानीय अदालत में पेश करेंगे।”
टीएमसी प्रवक्ता रिजू दत्ता द्वारा शनिवार को चितपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद ब्लॉगर के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में व्यापक रूप से अपशब्दों का इस्तेमाल करने को लेकर रॉय अक्सर विवादों में रहते हैं। रॉय ने मुख्यमंत्री और डायमंड हार्बर के सांसद के अलावा फ़िरहाद हकीम और मदन मित्रा जैसे अन्य टीएमसी नेताओं के लिये भी अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए सत्तारूढ़ पार्टी को यहां नजरूल मंच में गायक केके के अंतिम संगीत कार्यक्रम में कुप्रबंधन का आरोप लगाया था।
भाजपा नेता अनुपम हाजरा ने इस घटनाक्रम पर कहा…
मिली जानकारी के मुताबिक गायक सभागार में अपने प्रदर्शन के तुरंत बाद गिर गए थे और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। रॉय के फेसबुक के जरिये संबोधन वाले वीडियो को अधिकारियों ने सोशल नेटवर्किंग साइट से हटा दिया है। इस बीच, भाजपा नेता अनुपम हाजरा ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जानना चाहा कि पुलिस ने ब्लॉगर के खिलाफ तब कोई कार्रवाई क्यों नहीं की, जब उसने रवींद्रनाथ टैगोर जैसे दिग्गजों के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, “अब जब मुख्यमंत्री और अभिषेक बनर्जी के साथ दुर्व्यवहार किया गया, तो पुलिस हरकत में आई। ऐसा क्यों होना चाहिए?”


Download Android App
Download iOS App



