बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) प्रयोग के तौर पर शुक्रवार से कोरोना वायरस के खिलाफ अभियान के तहत घर-घर जाकर उन लोगों को टीका लगाने का काम शुरू करेगी जो टीकाकरण के लिए केंद्रों तक आने में सक्षम नहीं हैं। उसने कहा कि यह पहल ‘‘के-पूर्वी प्रशासनिक वार्ड’’ से शुरू की जाएगी जिसमें अंधेरी ईस्ट, मारोल, चकाला और अन्य पश्चिमी उपनगरीय क्षेत्र आते हैं।
बीएमसी ने बृहस्पतिवार दोपहर को एक बयान में कहा कि जो नागरिक शारीरिक या चिकित्सकीय कारणों से, टीकाकरण के लिए केंद्रों तक आने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें 30 जुलाई से शुरू हो रहे इस अभियान के तहत टीका लगाया जाएगा। उसने कहा कि विशेषज्ञ समिति के निर्देशानुसार, इन नागरिकों को कोवैक्सीन की खुराक दी जाएगी और टीकाकरण प्रक्रिया विशेषज्ञों की उपस्थिति में होगी तथा सभी जरूरत एहतियात बरती जाएंगी।
महानगरपालिका ने कहा कि उन नागरिकों को घर जा कर टीका लगाने की मांग उठ रही थी जो विभिन्न शारीरिक या चिकित्सकीय कारणों से चलने-फिरने में अक्षम हैं और टीकाकरण केंद्र तक जाने में असमर्थ हैं। बीएमसी ने कहा कि ऐसे लोगों के लिए टीकाकरण गैर सरकारी संगठन प्रोजेक्ट मुंबई की मदद से किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



