सरकार और जनता के बीच सेतु हैं कार्यकर्ता

Summary :

पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परचम लहरा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और जनता के बीच कार्यकर्ता सेतु का काम करते हैं।

देहरादून : मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दून में सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद  करते हुए उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू के मंत्रिमंडल से लियाकत समझौते के विरोध के चलते उन्होंने इस्तीफा दिया और जनसंघ की स्थापना की। 1977 में  इंदिरा गांधी के इमरजेंसी लगाने के विरोध में बनी जनसंघ पार्टी से होते हुए आज की भारतीय जनता पार्टी बनी। पीएम मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परचम लहरा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और जनता के बीच कार्यकर्ता सेतु का काम करते हैं। 
सदस्यता अभियान की चर्चा करते हुए उन्होंने लोकसभा चुनाव और पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के मतदाताओं जो अभी तक पार्टी के सदस्य नहीं हैं को पार्टी से जोड़ने का अभियान बताया। साथ ही उन्होंने कहा कि हमारी सरकार उत्तराखंड की दीर्घकालीन आवश्यकताओं को देखते हुए काम कर रही है। असामाजिक लोगों के द्वारा प्रदेश का माहौल खराब करने के बारे में सीएम ने कहा कि लॉ एंड ऑर्डर कायम रखना हमारी टॉप प्रायरिटी है। कानून व्यवस्था खराब करने वाले किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश सदस्यता प्रमुख और राजपुर से विधायक खजान दास ने बताया कि पूरे प्रदेश में 11235 बूथ है प्रत्येक बूथ पर 100 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य है। 
महानगर अध्यक्ष विनय गोयल ने कहा की वर्तमान 9222 सक्रिय सदस्यों की सदस्यता अब तभी रहेगी जब भी नए सदस्य बनाएंगे। आशा है सक्रिय सदस्यों की भी संख्या और बढ़ेगी। महानगर अध्यक्ष ने मिस कॉल द्वारा सदस्य बनने की प्रक्रिया को भी स्लाइड शो द्वारा समझाया। 
मुख्यमंत्री के संबोधन से पहले टिहरी से सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा, मेयर ऋषिकेश अनीता मंगाई, विधायक धर्मपुर विनोद चमोली, विधायक कैंट हरबंस कपूर, विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ, विधायक सहसपुर सहदेव पुंडीर, विधायक मसूरी गणेश जोशी, जिला अध्यक्ष शमशेर पुंडीर, महानगर अध्यक्ष विनय गोयल, जिला सदस्यता प्रमुख प्रेम चंद जैन एवं महानगर सदस्यता प्रमुख रविंद्र कटारिया ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अनिल गोयल ने किया।

Desk Team