बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद कुंवर दानिश अली ने भारतीय इंजीनियरिंग सेवा (आईईएस) के एक अधिकारी के लद्दाख में वाहन दुर्घटना के बाद से लापता होने के मामले में शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर आग्रह किया कि वह अधिकारी का पता लगाने में मदद करें।
खबरों के मुताबिक, गत 22 जून को लद्दाख के आईईएस अधिकारी सुभान अली की जिप्सी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के निवासी हैं।
रक्षा मंत्री को लिखे पत्र में दानिश अली ने कहा, ‘‘मैं आपके संज्ञान में लाना चाहता हूं कि आईईएस अधिकारी सुभान अली की गाड़ी 22 जून को लद्दाख में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी जिसके बाद से उनकी कोई ख़बर नहीं हैं। इसी बाबत मैंने आपको टेलीफोन पर भी जानकारी उपलब्ध कराई थी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आपसे आग्रह करता हूं कि इस मामले में आप व्यक्तिगत रूप से दख़ल दें और क़ाबिल अधिकारियों और साधनों को सुभान अली को ढूढंने में लगाएं। इस अधिकारी का परिवार बहुत परेशान है और हर पल एक भयानक पीड़ा से गुज़र रहा है।’’


Download Android App
Download iOS App



