महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बृहस्पतिवार को मांग की कि केंद्र सरकार ‘ अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा’ से बचने के लिए सभी राज्यों की ओर से टीके के लिए एक ही वैश्विक निविदा जारी करे। टोपे ने पत्रकारों को बताया कि उन्होंने यह सुझाव केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन और कोविड- 19 से सबसे अधिक प्रभावित छह राज्यों के अपने समकक्षों के साथ वीडियो कांफ्रेंस के जरिये हुई बैठक में दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘ अगर हर राज्य अपने स्तर पर वैश्विक निविदा जारी करने लगेंगे तो इससे टीका उत्पादक को लाभ होगा। केंद्र सरकार को देश में कुल टीके की जरूरत की समीक्षा करनी चाहिए और एक ही निविदा जारी करनी चाहिए।’’ टोपे ने कहा, ‘‘ राज्यों के बीच अस्वस्थ प्रतिस्पर्धा नहीं होनी चाहिए यह ठीक नहीं होगा।’’
गौरतलब है कि पिछले महीने केंद्र ने राज्यों से कहा था कि वे 18 से 44 साल उम्र के लोगों का टीकाकरण करने के लिए सीधे बाजार से टीके की खरीद करें। वहीं केंद्र भारतीय टीका उत्पादकों से उनके उत्पाद का 50 प्रतिशत खरीदेगा और 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण के लिए राज्यों को वितरित करेगा।


Download Android App
Download iOS App



