चाकलेटी चेहरा किसी राजनेता के संदर्भ में नहीं कहा : विजयवर्गीय

Summary :

कल के घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपनाया और उसने आरोप लगाया कि भाजपा नेता महिलाओं के प्रति सम्मानजनक रुख नहीं रखते हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने मीडिया में शनिवार को आए उनके एक कथित बयान को लेकर आज सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने‘चाकलेटी चेहरा’किसी राजनेता के संदर्भ में नहीं कहा है। श्री विजयवर्गीय ने यहां मीडिया से कहा कि उन्होंने बॉलीवुड के लोगों के लिए जरूर चाकलेटी कहा, लेकिन किसी राजनेता के लिए चाकलेटी चेहरा नहीं कहा। वरिष्ठ भाजपा नेता ने इस बात पर खेद जताया कि इसके बावजूद कुछ मीडिया संस्थानों ने इस तरह का बयान चलाया।

मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री श्री विजयवर्गीय ने कहा कि मीडिया से जुड़ लोगों को इस तरह के गंभीर मामलों में पूरी तरह पुष्टि जरूर कर लेना चाहिए। श्री विजयवर्गीय ने सफाई देते हुए कहा कि कल उन्होंने यहां एक प्रेस वार्ता ली थी, जिसमें उनसे भोपाल से करीना कपूर औऱ इंदौर से सलमान खान को कांग्रेस की ओर से आगामी लोकसभा चुनाव में उतारे जाने के संदर्भ में प्रश्न पूछा गया था।

इस पर उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के पास अब लीडर नहीं हैं। यही वजह है कि कांग्रेस अब फिल्मी चॉकलेटी चेहरों को चुनाव मैदान में उतार रही है। श्री विजयवर्गीय के मुताबिक लेकिन उनके इस बयान को गलत तरीके से कुछ मीडिया संस्थानों ने प्रस्तुत किया। कल के घटनाक्रम के बाद कांग्रेस ने आक्रामक रुख अपनाया और उसने आरोप लगाया कि भाजपा नेता महिलाओं के प्रति सम्मानजनक रुख नहीं रखते हैं।

Desk Team