देहरादून : मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रिंग रोड स्थित किसान भवन में पं. दीनदयाल उपाध्याय राज्य शैक्षिक उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण समारोह में प्रतिभाग किया। उन्होंने मेधावी छात्रों एवं उत्कृष्ट विद्यालयों को पुरस्कार प्रदान करने के साथ ही आनन्दम पाठ्यचर्या से सम्बन्धित पुस्तकों का भी विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षा में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड बोर्ड परीक्षा 2018 में हाईस्कूल एवं इण्टर की बोर्ड परीक्षा में प्रथम 10 स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। हाईस्कूल की परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को क्रमशः 15 हजार रूपये, 11 हजार रूपये एवं 08 हजार रूपये की धनराशि तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
जबकि इण्टरमीडिएट की परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को क्रमशः 21 हजार रूपये, 15 हजार रूपये एवं 11 हजार रूपये की धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र एवं मुख्यमंत्री ट्राफी तथा 6-6 पुस्तकों का सेट प्रदान किये गये। जबकि चौथे से दसवें स्थान प्राप्त करने वालों को 5100 रूपये की धनराशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गये।
दसवीं की कक्षा में राणा प्रताप इण्टर कॉलेज खटीमा की छात्रा काजल प्रजापति को प्रथम स्थान, पी. पी. एस. वी. एम. आई. सी नानकमत्ता के रोहित चन्द्र जोशी को द्वितीय स्थान एवं टी.एस.एस.बी.वी.एम.आई.सी काशीपुर के अमरीन मंसूरी को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें सम्मानित किया।
जबकि इण्टरमीडिएट की परीक्षा में आर.एल.एस चौहान एस.वी.एम.आई.सी जसपुर की दिव्यांशी राज को प्रथम, डी.एम.जी.ए.आई.सी. खटीमा के सचिन चन्द को द्वितीय तथा जीआईसी हलसौन कोरार, नैनीताल के गर्वित कुमार को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार उत्तराखण्ड बोर्ड परीक्षा 2019 में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले छात्र एवं छात्राओं को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।


Download Android App
Download iOS App



