भाजपा-जजपा सरकार ज्यादा दिन नहीं चलने वाली : शैलजा

Summary :

कुमारी शैलजा ने राज्य की भाजपा-जेजेपी सरकार पर निशाना साधा है। शैलजा ने कहा कि भाजपा और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) की विचारधारा अलग-अलग है।

पंचकूला : हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने राज्य की भाजपा-जेजेपी सरकार पर निशाना साधा है। शैलजा ने कहा कि भाजपा और जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) की विचारधारा अलग-अलग है। ऐसे में यह सरकार ज्यादा दिन नहीं चलेगी। जिस सरकार ने मंत्रिमंडल तय करने में इतनी देरी की, वह जनता के काम करने में कितनी देर लगाएगी। 
उन्होंने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मनोहर लाल सरकार की कार्यप्रणाली से साफ जाहिर है कि भाजपा-जजपा गठबंधन की विचारधारा ही नहीं मिल रही है। ऐसे में तय है कि यह सरकार ज्यादा दिन नहीं चलने वाली। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन कुंडू ने की। भाजपा-जजपा कैबिनेट में मंत्रियों को शामिल करने में 17 दिन लग गए। इससे साफ है आगे खींचतान बढ़ेगी। 

भाजपा ने हर वर्ग के साथ किया धोखा : कुमारी शैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग के साथ धोखा किया है, जिसमें किसान भी हैं। आज हालत यह हो गए हैं कि किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। शैलजा ने कहा कि आनन-फानन में भाजपा ने अपनी सरकार बनाई और उन लोगों के साथ बनाई है, जिनके साथ उनकी विचारधारा मिलती ही नहीं थी। 
गांधी परिवार की सुरक्षा कम करने पर की आलोचना : कुमारी शैलजा ने गांधी परिवार की सुरक्षा में कमी किए जाने पर भाजपा सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आज भाजपा सत्ता के नशे में कांग्रेस नेताओं के नाम मिटाना चाहती है, चाहे वह नेहरू हों या अन्य नेता। शैलजा ने कहा कि गांधी परिवार ने देश के लिए कुर्बानियां दी और आज भाजपा सरकार द्वारा सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी की सिक्योरिटी हटाई गई है, जिसका वह विरोध करती हैं।

Desk Team