कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के इस बयान की निंदा की कि ‘भाजपा शासित राज्यों में सीएए विरोधी प्रदर्शनकारियों को कुत्तों की तरह गोली चलाकर मारा गया’। ममता ने कहा कि राज्य पुलिस आंदोलनकारियों पर गोली नहीं चलाएगी। घोष के विवादास्पद बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के नेता अनुब्रत मंडल ने नाराजगी भरे स्वर में कहा कि केंद्र सरकार को इस अपराध के लिए घोष को गोली मार देनी चाहिए।
बनर्जी ने घोष का नाम लिये बिना कहा कि किसी नेता को लोगों पर गोली चलाने के लिए कहना शोभा नहीं देता। बनर्जी ने कहा, ‘‘आपमें से कई चाहते हैं कि बंगाल में गोली चले और इसलिए आप सब ये नाटक कर रहे हैं।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कुछ अप्रिय होता है तो इस तरह की घटनाओं के लिए उकसा रहे लोगों की जिम्मेदारी होगी। तृणमूल की बीरभूम जिला इकाई के प्रमुख मंडल ने कहा, ‘‘दिलीप घोष को गोली चलाकर मार दिया जाना चाहिए। अगर किसी ने सबसे पहले सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है तो वही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार को दिलीप घोष को गोली चलाकर मार देना चाहिए।’’ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने सधी हुई प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘दिलीप बाबू हमें बताइए कि आपके बयानों को निजी राय माना जाए या आपकी पार्टी की राय।’’


Download Android App
Download iOS App



