कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी के विश्वास मत हासिल करने का फैसला करने के मद्देनजर विधानसभा अध्यक्ष के आर रमेश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री जब भी इसके लिए समय मांगेंगे, उन्हें समय दिया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने कहा है कि वह भ्रम की स्थिति में कुर्सी से चिपके नहीं रहेंगे।
उन्होंने कहा है कि वह सदन में विश्वास मत हासिल करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जब भी वह मुझसे कहेंगे कि वह विश्वास मत का प्रस्ताव पेश करना चाहते हैं, मैं इसे दिन के कामकाज में शामिल करूंगा।’’ संकटों में फंसे मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सदन में विश्वास मत का प्रस्ताव पेश करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष से समय मांगा।
विधायकों के इस्तीफे पर अध्यक्ष को नोटिस के बगैर कोर्ट ने दिया आदेश : कुमारस्वामी
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ जब कांग्रेस के 13 और जद (एस) के तीन सहित कुल 16 विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है। दो निर्दलीय विधायकों ने भी सरकार से समर्थन वापस ले लिया है और वे बीजेपी के साथ हो गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष को तीन विधायकों आनंद सिंह, प्रताप गौडा पाटिल और नारायण गौडा के इस्तीफे पर शुक्रवार को सुनवाई शुरू करनी थी।
हालांकि, इनमें से दो सुप्रीम कोर्ट की शरण में चले गये और कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष को ‘यथास्थिति’ कायम रखने को कहा। यह पूछे जाने पर कि क्या वह तीन विधायकों के इस्तीफे पर कार्यवाही शुरू करेंगे, कुमार ने कहा, ‘‘अगर वे आते हैं तो मैं प्रक्रिया शुरू करूंगा। अगर वे नहीं आते हैं तो मैं घर पर आराम करूंगा।’’


Download Android App
Download iOS App



