देशभर में कोरोना महामारी को काबू में करने के लिए टीकाकरण अभियान जारी है। रोजाना लाखों की संख्या में लोगों को वैक्सीन लग रही है। इस बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में अब तक लगभग 2.77 करोड़ लोग कोविड-19 रोधी टीके लगवा चुके हैं।
मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने रविवार को बताया, ‘‘मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिये जिस गति से टीकाकरण महा अभियान चलाया जा रहा है, उसमें सभी वर्गों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया है। प्रदेश में शनिवार रात तक लगभग 2.77 करोड़ लोग कोविड-19 रोधी टीके लगवा चुके हैं। अभियान अभी जारी रहेगा।’’
चौहान ने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रदेश के सभी नागरिक जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है, उनका शत-प्रतिशत टीकाकरण होना चाहिये। उन्होंने कहा कि कोविड मुक्त मध्य प्रदेश बनाने के लिये चलाए गये टीकाकरण अभियान में प्रदेशवासियों ने सजग भूमिका निभाई है। प्रदेश की अनेक ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में शत-प्रतिशत टीकाकरण कर उदाहरण प्रस्तुत किया गया है।
चौहान ने कहा कि इसी क्रम में विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो में भी लोगों ने टीकाकरण के प्रति जो जागरूकता प्रदर्शित की, उससे खजुराहो भी शत-प्रतिशत टीकाकरण की श्रेणी में आ गया है। उन्होंने खजुराहो के निवासियों के साथ जिला प्रशासन, टीकाकरण टीम, सामाजिक कार्यकर्ता एवं कोरोना वॉलेंटियर्स की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान में मध्य प्रदेश के जन-भागीदारी मॉडल से जो सफलता प्राप्त हुई है, उसे राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहा गया है।इसी बीच, खजुराहो जिले के कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने बताया, ‘‘खजुराहो में 18 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के 13, 659 लोगों का टीकाकरण हो चुका है।’’


Download Android App
Download iOS App



