मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने उद्योगों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए शुक्रवार को कहा कि मध्य प्रदेश में उन्हें असामाजिक तत्वों से किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा क्योंकि वे प्रदेश सरकार की बुलडोजर के जरिए की जाने वाली कार्रवाई से खौफ खाते हैं।उद्योग मंडल सीआईआई तथा मध्य प्रदेश सरकार ने प्रदेश में निवेश अवसरों पर यहां एक सत्र का आयोजन किया जिसमें मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके राज्य में कारोबार के लिहाज से सबसे अनुकूल माहौल है।
अगर कोई दबंगई करता है तो पहुंच जाता है बुलडोजर
चौहान ने कहा, ‘‘जब मैं पहली बार मुख्यमंत्री बना था तब चंबल में डाकू होते थे और मुंबई में उन पर फिल्में बनती थीं। मैंनें मुंबईवालों का काम छीन लिया क्योंकि डाकुओं का या तो सफाया कर दिया गया या उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया या वे जेल में बंद हैं।’’उन्होंने आगे कहा, मैंने कहा कि मध्य प्रदेश में या तो डाकू रह सकते हैं या फिर शिवराज सिंह चौहान, एक वक्त में दोनों नहीं रह सकते…बस मुद्दा हल हो गया। उन्होंने कहा कि सिमी के नेटवर्क और नक्सलवाद को भी राज्य से खत्म कर दिया गया।चौहान ने कहा, अब कोई गुंडागर्दी नहीं है। अगर कोई दबंगई या गुंडागर्दी करता है तो मामा का बुलडोजर सीधा पहुंच जाता है। तो अब ऐसा कोई डर नहीं है कि कोई आपको (व्यवसायियों को) परेशान करेगा।
उद्योगों को दी जाती है सस्ती बिजली
उन्होंने उद्योगों से राज्य में निवेश करने का अनुरोध करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में कारोबारियों के लिए सबसे अनुकूल माहौल है। राज्य में व्यवसायों के लिए बुहतायत में सस्ती भूमि है और कुशल मानव संसाधन भी हैं, यहां उद्योगों को सस्ती बिजली दी जाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी नीतियां निवेशकों के हित में है और वह खुद हर सोमवार को निवेशकों से मुलाकात करते हैं।


Download Android App
Download iOS App



