PM मोदी से आज वन-टू-वन चर्चा करेंगे CM शिवराज, कोरोना के हालात की देंगे जानकारी

Summary :

कोरोना के कहर के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज यानि बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।

कोरोना के कहर के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज यानि बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार इस मुलाकात में सीएम शिवराज प्रधानमंत्री के साथ कोरोना और राज्य से जुड़े अन्य बिंदुओं पर चर्चा करेंगे। वहीं शिवराज सिंह चौहान ऐसे समय में प्रधानमंत्री से मिलने दिल्ली पहुंचे हैं जब मोदी मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें जोरों पर हैं।
इस बीच यह भी समझा जा रहा है कि मध्य प्रदेश के बीजेपी के बड़े नेताओं को मोदी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। सूत्रों के अनुसार सीएम चौहान पीएम मोदी को राज्य में कोरोना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराएंगे। मिली जानकारी के अनुसार सीएम चौहान की दिन में लगभग सवा बारह बजे पीएम मोदी के साथ मुलाकात निर्धारित है। इस बीच सीएम चौहान मुलाकात के लिए दिल्ली पहुंच चुके हैं। कोरोना की दूसरी लहर के प्रकोप के बाद चौहान की पीएम मोदी से यह पहली मुलाकात है।
वे राज्य में कोरोना नियंत्रण को लेकर राज्य सरकार के अब तक उठाए गए कदमों की जानकारी देंगे। तीसरी लहर से निपटने के लिए सरकार के प्रयासों के बारे में अवगत कराते हुए मार्गदर्शन भी लेंगे। इस दौरान कोरोना वैक्सीनेशन की प्रगति के संबंध में चर्चा होगी।
सीएम चौहान राज्य में एक से तीन जुलाई तक प्रारंभ होने वाले जनजागरण महाअभियान के बारे में अवगत कराएंगे। पीएम गरीब कल्याण योजना के तहत राज्य में किए जा रहे कार्यों के बारे में बताएंगे। इस दौरान आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के रोडमैप और राज्य से जुड़ विकास योजनाओं के बारे में भी चर्चा होने की संभावना है।

Desk Team