कर्नाटक उपचुनाव : कांग्रेस ने BJP पर लगाया उनके प्रत्याशी को डराने का आरोप

Summary :

कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी राजराजेश्वरी नगर सीट से उसके उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव नियमों के कथित उल्लंघन की एफआईआर दर्ज करवा कर “कायरता और घृणा” की राजनीति कर रही है।

कर्नाटक कांग्रेस ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर अपनी पार्टी के प्रत्याशी को डराने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी राजराजेश्वरी नगर सीट से उसके उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव नियमों के कथित उल्लंघन की एफआईआर दर्ज करवा कर ‘‘कायरता और घृणा’’ की राजनीति कर रही है। पार्टी इससे नहीं डरेगी।
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार ने नाम लिए बगैर आरोप लगाया कि बीजेपी उम्मीदवार एन. मुनीरत्न सरकार की मदद से कांग्रेस प्रत्याशी कुसुम एच. के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा कर उन्हें और आरआर नगर में उनके कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह दावा किया कि कांग्रेस प्रत्याशी ने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया है। 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा और बीजेपी प्रत्याशी उसके (कांग्रेस) कार्यकर्ताओं को धमकी देने की ओछी राजनीति कर रहे हैं और पुलिस का उपयोग कर रहे हैं ‘‘क्योंकि वह हमें चुनाव मैदान में उतरना नहीं देना चाहते।’’ उन्होंने एफआईआर दर्ज करने वाले निरीक्षक के तबादले और उसके खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। आरआर नगर और तुमकुरू जिले की सीरा सीट पर तीन नवंबर को उपचुनाव होना है।  

Desk Team