भाजपा के कद्दावर नेता और राज्यसभा से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कटाक्ष भरे लहजे में एक सलाह दी है। सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस अपना नाम बदलकर लोगों के दिल में जगह बनाए। सिंधिया ग्वालियर का नाम बदलने की कांग्रेस नेताओं की हालिया मांग के बारे पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे।
सिंधिया ने यहां सोमवार को पत्रकारों से कहा, ‘‘ कोरोना जैसी महामारी के समय कांग्रेस नेताओं को राजनीति दिखाई दे रही है। पहले बोले कि वैक्सीन (टीके) नहीं लगवाना, फिर कहा गया कि वैक्सीन में किसी का मांस मिला हुआ है और ऐसे लोग ही स्वयं वैक्सीन लगवाने के लिए भाग रहे हैं। अब नाम बदलने में इतनी ही रुचि है तो कांग्रेस को चाहिए कि पहले वे अपनी पार्टी का नाम बदल लें और दोबारा से जनता के मन व दिल में स्थान बनाएं।’’
मालूम हो कि ग्वालियर के कुछ स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने 18 जून को ग्वालियर का नाम बदलकर महारानी लक्ष्मीबाई नगर करने की मांग की थी। सिंधिेया ने कहा, ‘‘ हमारे प्रधानमंत्री पहले ही कह चुके हैं कि कांग्रेस नामदार लोगों की पार्टी है और भाजपा कामदार लोगों की।’’ उन्होंने बताया कि ग्वालियर में जल्द ही एक हजार बिस्तर की क्षमता वाला अस्पताल शुरु किया जाएगा। सिंधिया भाजपा में शामिल होने से पहले कांग्रेस में थे।


Download Android App
Download iOS App



