मध्य प्रदेश के चाचौड़ा को 53वां जिला बनाये जाने की मांग को लेकर अपने बड़े भाई एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बंगले के बाहर अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठने के एक दिन बाद कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान से यहां मुलाकात की।
चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक लक्ष्मण एवं चौहान ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया है। यह मुलाकात यहां चौहान के घर पर हुई। लक्ष्मण ने कहा कि हमारी इस मुलाकात का कोई दूसरा मतलब नहीं निकाला जाना चाहिए। वहीं, चौहान ने कहा, ‘‘हम दोनों अक्सर मिलते रहते हैं।
हम चाचौड़ा को जिला बनाने की मांग का भी समर्थन करते हैं।’’ इससे पहले, मंगलवार को चाचौड़ा को 53वां जिला बनाया जाने की मांग को लेकर वह दिग्विजय सिंह के बंगले के बाहर अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे थे। इस दौरान, दिग्विजय अपने बंगले में आये, लेकिन उनके इस धरने को नजरअंदाज करते हुए सीधे अपने घर के अंदर घुस गये।
धरने पर बैठे चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक लक्ष्मण सिंह ने मीडिया को बताया था कि चाचौड़ा को जिला बनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ 26 जुलाई को सार्वजनिक रूप से इसकी घोषणा भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने कहा था कि दिग्विजय सिंह के साथ चाचौड़ा आएंगे। इसलिए दिग्विजय तिथि दे दें कि वह कब चाचौड़ा आएंगे। बस हम यही चाहते हैं। जल्द से जल्द चाचौड़ा आकर उसे जिला बनाने की घोषणा को अमलीजामा पहनाएं।’’


Download Android App
Download iOS App



