कांग्रेस ने महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में शिवसेना के बागी विधायक संजय राठौर को शामिल करने को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए उसकी तुलना ‘कपड़े धोने वाली एक मशीन’ से की है।
कांग्रेस ने कहा कि भाजपा एक ‘कपड़े धोने वाली एक मशीन’ की तरह है जो राठौर को मंत्रिमंडल में शामिल कर उनकी छवि साफ करने की कोशिश कर रही है। भाजपा जब विपक्ष में थी तो शिवसेना नेता संजय राठौर को इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया था।
गौरतलब है कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार में मंत्री रहे संजय राठौर ने पुणे में एक महिला की मौत के मामले से नाम जुड़ने पर पिछले साल अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक ट्वीट में कहा, ‘ गुप्त भेद छिपाकर रखने वाले कांग्रेस के कुछ नेता भाजपा की कपड़े धोने की मशीन का फायदा उठाकर मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद और विधायक बन गए। अब वही मशीन एक शिवसैनिक की छवि को साफ करने का काम कर रही है, जिसे विपक्ष में रहते हुए भाजपा ने इस्तीफा देने के लिए मजबूर कर दिया था। ‘


Download Android App
Download iOS App



