कोरोना पर चर्चा की मांग को लेकर कांग्रेस का उत्तराखंड विधानसभा में हंगामा

Summary :

पीठ से बार-बार अपने स्थानों पर बैठे जाने के अनुरोध को नहीं सुने जाने के बाद उपाध्यक्ष चौहान ने सदन की कार्यवाही एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

उत्तराखंड विधानसभा में बुधवार को कांग्रेस सदस्यों ने वैश्विक महामारी कोविड-19 के प्रदेश में बिगड़ते हालात पर तत्काल चर्चा कराए की। मांग को लेकर पार्टी ने जबरदस्त हंगामा किया जिसके चलते सदन की कार्यवाही को पहले स्थगित किया गया। हालांकि बाद में सदन में कुछ काम-काज भी निपटाया गया। 
कोविड-19 परिस्थतियों के कारण एक दिनी मानसून सत्र में दिवंगत पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी तथा दो पूर्व विधायकों को श्रद्धांजलि देने के बाद विपक्षी कांग्रेस सदस्य काजी निजामुद्दीन और प्रीतम सिंह की अगुवाई में कांग्रेस सदस्य अपने स्थानों पर खड़े हो गए और पीठ से कोरोना महामारी पर तत्काल चर्चा कराने की मांग करने लगे। 
विधानसभा अध्यक्ष के कोरोना वायरस संक्रमित होने के कारण सदन की अध्यक्षता कर रहे विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने उन्हें अपने स्थानों पर बैठने का अनुरोध करते हुए उनसे इस मुद्दे पर बाद में बोलने को कहा लेकिन उनकी बात अनसुनी करते हुए कांग्रेस सदस्य अध्यक्ष के आसन के सामने आ गए। निजामुद्दीन ने सरकार पर मानसून सत्र को केवल एक दिन तक ही सीमित करने का भी आरोप लगाया और कहा कि इस समय कोविड-19 से ज्यादा कोई विषय महत्वपूर्ण नहीं है। 
संसदीय कार्यमंत्री मदन कौशिक ने कहा कि कोविड-19 की परिस्थितियों के कारण सत्र को एक दिन का किया गया और यह निर्णय लेने वाली कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में उपनेता प्रतिपक्ष करण माहरा और विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल भी शामिल थे। इससे उत्तेजित अध्यक्ष के आसन के सामने खड़े कांग्रेस विधायक और जोर-जोर से बोलने लगे। कुछ सदस्यों ने विधानसभा कार्यसूची के पृष्ठ भी आसन की ओर फेंके जिससे हंगामे की स्थिति पैदा हो गयी।
पीठ से बार-बार अपने स्थानों पर बैठे जाने के अनुरोध को नहीं सुने जाने के बाद उपाध्यक्ष चौहान ने सदन की कार्यवाही एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी। एक बजे सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर भी वही स्थिति रही और कांग्रेस सदस्य अध्यक्ष के आसन के सामने खड़े होकर अपनी मांग के समर्थन में हंगामा करते रहे। हंगामे के बीच ही सदन में कई विधेयकों समेत कुछ कामकाज भी निपटाया और सदन को भोजनावकाश के लिए स्थगित कर दिया।

क्या कर्नाटक में मुख्यमंत्री येदियुरप्पा की होगी विदाई? भाजपा नेता ने दिया यह जवाब

Desk Team