झारखंड के कोलेबिरा विधानसभा उप चुनाव में आज कांग्रेस के उम्मीदवार नमन विक्सेल कोंगाडी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार बसंत सोरेन को 9658 मतों से पराजित कर दिया। निर्वाचन कार्यालय के आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि कांग्रेस के श्री कोंगाडी को कुल 40343 मत मिले जबकि उनके निकटतक प्रतिद्वंदी भाजपा के श्री सोरेन को 30685 मत प्राप्त हुए। इस उप चुनाव में राष्ट्रीय संगेल पार्टी के अनिल कन्डुलना को 23799 मत मिले वहीं, झारखंड पार्टी की मेनन एक्का को मात्र 16445 वोट ही मिल पाया।
कांग्रेस ने यह सीट झारखंड पार्टी से छीनी है। श्रीमती एक्का एक मामले में जेल में बंद पूर्व विधायक एनोस एक्का की पत्नी हैं। सूत्रों ने बताया कि इस उप चुनाव में 3694 मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया। इस सीट के लिए 20 दिसम्बर को वोट डाले गये जिसमें करीब 64 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले थे। उल्लेखनीय है कि एक पारा शिक्षक की हत्या के मामले में तीन जुलाई 2018 को अदालत से आजीवन कारावास की सजा मिलने के बाद कोलेबिरा से झारखंड पार्टी के विधायक एनोस एक्का के विधानसभा की सदस्यता रद्द किये जाने पर उप चुनाव कराया गया।


Download Android App
Download iOS App



