उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने रविवार को कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा हाल में लाये गये चार धाम देवस्थापन अधिनियम को समाप्त कर देगी।
यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने कहा कि हाल ही में राज्य की त्रिवेंद्र रावत सरकार द्वारा चारधामों तथा अन्य मंदिरों के प्रबंधन के लिए लाए गये अधिनियम के अनैतिक निर्णय की कांग्रेस घोर निंदा करती है ।
उन्होंने आरोप लगाया कि हमारी आस्था के प्रतीक चारधाम और अन्य मंदिरों में हमारे तीर्थ पुरोहितों के हक-हकूकों को समाप्त कर देवस्थानम श्राइन बोर्ड का गठन किया गया है और 2022 में आमजन के आशीर्वाद से कांग्रेस की सरकार बनते ही इस अनैतिक अधिनियम को समाप्त कर दिया जायेगा।
गौरतलब है कि उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर से जुडे तीर्थ पुरोहित सरकार द्वारा श्राइन बोर्ड गठित करने के फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं ।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार को जनविरोधी बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार के तीन वर्ष निराशाजनक रहे हैं और वह जनाकांक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है ।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बहुत जल्द जनता के बीच जन जागरण अभियान चलाकर भाजपा सरकार की नाकामयाबियों को जनता के बीच ले जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



