देशभर में कोरोना के मामलों में दिन पर दिन लगातार तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इस बीच, गुरुवार को केरल में कोरोना के 83 नए मामलों की पुष्टि हुई है। 83 नए मामलों के साथ राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 2,224 तक पहुंच गया है। वहीं, एक और व्यक्ति की कोविड-19 से मौत होने की पुष्टि होने के बाद इस वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। इसके अलावा बृहस्पतिवार को 62 मरीज संक्रमण से ठीक हो गए।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बताया कि नए मामलों से 31 लोग विदेशों से, 20 महाराष्ट्र से और सात दिल्ली से आए हैं। उन्होंने बताया कि 14 लोगों को संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से संक्रमण हुआ है। त्रिशूर में सर्वाधिक 25 मामले सामने आए हैं। पलक्कड़ में 13, मलप्पुरम और कासरगोड में 10-10, कोल्लम में आठ, कन्नूर में सात, पठनमथिट्टा में पांच, एर्नाकुलम और कोट्टायम में दो-दो और कोझिकोड में एक मामला सामने आया है। पल्लकड़ में दो स्थानों को जोड़ कर राज्य में अब कुल 133 हॉटस्पॉट हैं।
बताते चले कि देशभर में कोरोना कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 2,86,579 तक पहुंच गई है और कुल 8,102 लोगों की अब तक जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से अब तक कुल 1,41,029 लोग ठीक हो चुके हैं।


Download Android App
Download iOS App



