महाराष्ट्र में कोरोना का कहर बरकरार, 3,890 नये मामलों के साथ कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1,42,900

Summary :

महाराष्ट्र में बुधवार को कोविड-19 के 3,890 नये मामले सामने आये जिससे राज्य में इसके कुल मामले बढ़कर 1,42,900 हो गए। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने दी।

महाराष्ट्र में बुधवार को कोविड-19 के 3,890 नये मामले सामने आये जिससे राज्य में इसके कुल मामले बढ़कर 1,42,900 हो गए। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि कोरोना वायरस से 208 लोगों की मौत होने से राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 6,739 हो गई।
अधिकारी ने कहा कि जान गंवाने वाले इन 208 मरीजों में 72 की मौत पिछले 48 घंटे में हुई जबकि बाकी 136 की मौत उससे पहले हुई थी लेकिन पूर्व में उनकी मौत का कारण कोविड-19 के तौर पर उल्लेखित नहीं किया गया था।  

महाराष्ट्र के कोविड-19 के आंकड़े इस प्रकार हैं- कुल मामले 1,42,900, नये मामले 3,890, मृतक संख्या 6,739, ठीक हुए मरीजों की संख्या 73,792, ऐसे मरीज जिनका अभी इलाज चल रहा है 62,354 और अभी तक कुल 8,23,775 जांच हुई हैं। 
वहीं अकेले मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,144 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बुधवार को 69,625 हो गई। वहीं 38 लोगों की मौत के बाद कुल मृतकों की संख्या 3,962 पहुंच गई।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार पिछले 24 घंटे में 2,434 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिली है, जो कि जून में एक दिन में स्वस्थ होने वाली यह दूसरी बड़ी संख्या है। 
 विज्ञप्ति में बताया गया कि स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या 37,010 हो गई है।
बीएमसी के अनुसार शहर में कोविड-19 के 28,653 मरीजों का उपचार चल रहा है, वहीं 847 नए संदिग्ध मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
महानगरपालिका ने दावा किया है कि शहर में लोगों के स्वस्थ होने की दर 53 फीसदी है जबकि मामले दोगुने होने के समय में सुधार होकर अब यह 39 दिन हो गया है। 

Ujjwal Jain