महाराष्ट्र में 278 पुलिसकर्मियों में कोविड-19 की पुष्टि होने से पुलिस बल में संक्रमित कर्मियों की संख्या 5,713 हो गयी है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक 71 पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि मुंबई में सबसे ज्यादा 43 पुलिसकर्मियों की मौत हुई है। मृतकों में दो अधिकारी भी शामिल हैं । संक्रमण से अब तक 4531 पुलिसकर्मी ठीक हो चुके हैं ।
अधिकारी ने बताया, ‘‘राज्य में 278 और पुलिसकर्मियों में संक्रमण की पुष्टि होने से पुलिस बल में संक्रमितों की संख्या 5713 हो गयी है।’’ वर्तमान में 1113 पुलिसकर्मियों का उपचार चल रहा है।
हालांकि, किस अवधि में पुलिस बल के ये कर्मी संक्रमित हुए इस बारे में पुष्टि नहीं पायी । इससे पहले दिन में एक ट्वीट में राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कहा, ‘‘कोविड-19 से 5713 पुलिसकर्मी संक्रमित हुए हैं । इनमें से 4531 ठीक हो गए हैं और 71 की मौत हो गयी ।’’
बहरहाल, अधिकारी ने बताया कि 25 मार्च को लॉकडाउन लागू होने के बाद से निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत कुल 1,55,984 मामले दर्ज किए गए । उन्होंने बताया कि पुलिस ने आदेशों के उल्लंघन करने पर 88,783 वाहनों को जब्त किया और 11.54 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया।


Download Android App
Download iOS App



