सऊदी अरब में कार्यरत केरल की रहने वाली एक नर्स को कोरोनावायरस से संक्रमित पाए जाने की खबर मिलने के बाद केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को अरब देश से बात कर मामले में संज्ञान लेने और उचित इलाज मुहैया कराने के बारे में पत्र लिखा है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त बयान के अनुसार विजयन ने जयशंकर को पत्र लिखकर इस संबंध में अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार को सऊदी अरब में अपने समकक्ष से संपर्क कर इस विषाणु से प्रभावित लोगों को उचित उपचार मुहैया कराने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए।
विजयन ने पत्र में लिखा कि मामले को गंभीरता से देखा जाना चाहिए। बृहस्पतिवार को मिली मीडिया रिपोर्टों के अनुसार सऊदी अरब के अल हयात अस्पताल में कार्यरत केरल के कोट्टायम जिले के एट्टुमन्नूर की एक नर्स जानलेवा कोरोनावायरस से संक्रमित पाई गई है। चीन में इस विषाणु ने 17 लोगों की जान ले ली है।
मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार राज्य से संबंध रखने वाली कम से कम 30 नर्सों को भी अस्पताल में अलग-थलग रखा गया था। उन्होंने इस विषाणु से पीड़ित एक फिलीपिनी नर्स की देखभाल की थी। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने कहा कि उन्हें राज्य की किसी भी नर्स के प्रभावित होने की कोई जानकारी नहीं मिली है।
चीन में स्वास्थ्य विभाग ने इस विषाणु के प्रकोप को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री के. के. शैलेजा ने कहा है कि जो लोग चीन से लौटे हैं, उन्हें जिला चिकित्सा अधिकारियों को सूचित करना चाहिए साथ ही राज्य के सभी चार हवाई अड्डों-तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, कोझीकोड और कन्नूर में निगरानी रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



