मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना शुरू, 265 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का होगा फैसला

Summary :

मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और कोविड-19 प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करते हुए बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई।

मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और कोविड-19 प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करते हुए बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई। राज्य की 60 विधानसभा सीटों पर मतदान 28 फरवरी और पांच मार्च को दो चरण में हुआ था।
भाजपा को 23 से 43 सीट मिलने की संभावना
पूर्वोत्तर राज्य के 12 समर्पित केंद्रों में चल रही मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस, नेशनल पीपुल्स पार्टी और जनता दल (यूनाइटेड) के उम्मीदवारों सहित 265 प्रत्याशियों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा। चुनाव बाद सर्वेक्षणों में राज्य में भाजपा को 23 से 43 सीट मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि कांग्रेस को 17 सीट पर जीत मिलने का अनुमान जताया गया है।
व्यापक सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश
एक चुनाव अधिकारी ने कहा, ‘‘मतगणना डाक मतपत्रों की गिनती के साथ सुबह आठ बजे शुरू हो गई। इसके बाद मतगणना के लिए अधिसूचित 41 सभागारों में सुबह साढ़े आठ बजे ईवीएम के जरिए डाले गए मतों की गिनती आरंभ होगी।’’ मणिपुर के मुख्य चुनाव अधिकारी राजेश अग्रवाल ने पहले कहा था कि जिला चुनाव अधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इस दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
EVM के जरिए 3,45,481 वोट पड़े
मतगणना की पूरी प्रक्रिया की निगरानी निर्वाचन अधिकारियों के अलावा 41 सामान्य पर्यवेक्षक करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी टी किरणकुमार ने बताया कि कुल 3,80,480 मतों में से मतदान केंद्रों पर ईवीएम के जरिए 3,45,481 वोट पड़े।

Desk Team