महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच, मुंबई में स्थित झुग्गी-बस्ती धारावी में कोरोना के 42 नए मामलों की पुष्टि हुई है। 42 नए मामलों के साथ क्षेत्र में कोरोना से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 330 तक पहुंच गई है। वहीं, धारावी में कोरोना से मरने वालों की संख्या 18 हो गई है। बीएमसी अधिकारी ने यह जानकारी दी।
वहीं, महाराष्ट्र समेत देश के अलग-अलग हिस्सों से खबर आ रही है कि कोरोना वारियर्स जिसमें पुलिस, स्वास्थ्यकर्मी समेत अन्य लोग शामिल हैं, उन पर जनता द्वार हमला किया जा रहा है। जिस पर राज्य के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने स्पष्ट किया है कि लॉकडाउन का पालन करा रहे पुलिसकर्मियों पर हमले बर्दाश्त नहीं किये जाएंगे और ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें, एक दिन पहले ही औरंगाबाद जिले के बिदकिन गांव में एक धर्मस्थल पर धार्मिक कार्यक्रम की खबर की पुष्टि करने गए पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया था। उसी घटना की पृष्ठभूमि में देशमुख का बयान आया है।
देशमुख ने ट्वीट किया, ‘‘पुलिस कोरोना वायरस के मद्देनजर कड़ाई से लॉकडाउन और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करा रही है। गृह मंत्रालय पुलिस पर बढ़ते हमलों पर करीब से नजर रख रहा है।’’ उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में अब तक पुलिसकर्मियों पर हमलों की 159 घटनाओं के सिलसिले में 535 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे हमलावरों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिये गये हैं।’’
बता दें, राज्य में कोरोना से संक्रमितों का आंकड़ा 8 हजार के पार कर चुका है। प्रदेश में अबतक कुल 8,590 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं और 369 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 1,282 लोग इस वायरस से ठीक हो कर अपने घर लौट चुके हैं। हालांकि, 8,590 मरीजों में से अकेले मुंबई शहर से 5500 से ज्यादा मामले हैं।


Download Android App
Download iOS App



