केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने शनिवार को कहा कि राज्य में विद्यार्थियों के बीच कोविड-19 का ज्यादा प्रसार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पहली से नौवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए ऑफलाइन कक्षाओं को दो सप्ताह के लिए स्थगित करने संबंधी सरकार का फैसला एहतियाती कदम है, क्योंकि हाल के दिनों में संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी गई है।
उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एहतियात के तौर पर कक्षाएं दो सप्ताह के लिए स्थगित रहेंगी और यह फैसला राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों पर लागू होगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सरकार के लिए सर्वोपरि है और नए निर्णय के अनुसार ऑनलाइन कक्षाओं की समय सारिणी को फिर से बनाया जायेगा।
शिवनकुट्टी ने कहा कि हालांकि 10वीं, 11वीं और 12वीं कक्षा की ऑफलाइन कक्षाओं में कोई बदलाव नहीं होगा और स्कूलों में आने वाले बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘‘इसके साथ ही 35 लाख से अधिक विद्यार्थी इस अवधि में घर पर रहेंगे और ऑनलाइन कक्षाओं में शामिल होंगे। सोमवार को शिक्षा विभाग की एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई जाएगी और उसके बाद संशोधित दिशानिर्देश जारी किये जायेंगे।’’ उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द विद्यार्थियों का टीकाकरण करने का प्रयास किया जा रहा है और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से उन्हें स्कूलों में ही टीके की खुराक देने की व्यवस्था की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



