उड़ीसा उच्च न्यायालय ने कोविड-19 के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए पूरी में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा पर राज्य सरकार से ब्यौरा पेश करने को कहा है। आपको बतादें कि उच्च न्यायालय भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा से जुड़ी एक जनहित याचिका पर सुनवाई को 9 जून तक टालते हुए महाधिवक्ता से कहा कि सुनवाई की अगली तारीख तक मामले में राज्य सरकार से निर्देश प्राप्त कर लें।
मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने महाधिवक्ता से कहा कि कोविड-19 के दिशानिर्देशों का पालन करते हुए रथ यात्रा पर सरकार की योजना का ब्यौरा पेश करें। रथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठा होने और दिशानिर्देशों का उल्लंघन होने की आशंका से गंजाम के एक सांस्कृतिक संगठन ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
इस बारे में हस्तक्षेप के लिए उच्च न्यायालय में चार याचिकाएं और दायर की गई हैं। इस बीच श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रथ यात्रा त्योहार पूरा होने तक 12वीं सदी का यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। इसने लोगों से अपील की कि पांच जून को ‘स्नान पूर्णिमा’, 23 जून को रथ यात्रा और अन्य उत्सवों को देखने के लिए उन्हें पुरी में नहीं जुटना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



