केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने मंगलवार को कहा कि जम्मू एवं कश्मीर का एक सहायक कमांडेंट झारखंड में एक नक्सल विरोधी अभियान में शहीद हो गया। इससे पहले बारामूला जिले के मंजगाम गांव के निवासी गुलाम जीलानी खान के परिवार को बताया गया था कि उनकी मौत बिजली का झटका लगने से हुई है।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि परिवार को यह कारण क्यों दिया गया था। मंगलवार दोपहर बाद सीआरपीएफ ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा, ‘157 बटालियन के सहायक कमांडेंट गुलाम जीलानी खान झारंखड के खूंटी जिले के सिंजनी में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शहीद हो गए।’
सीआरपीएफ ने कहा, ‘युवा अधिकारी ने अपने साथी जवान की जिंदगी बचाई और सामने से अपने सैनिकों का नेतृत्व करते हुए राष्ट्र की सेवा में खुद को कुर्बान कर दिया।’ आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि अधिकारी के पार्थिव शरीर को कश्मीर घाटी के उनके गांव भेजा जा रहा है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



