इंदौर : नकली शराब पीने से बैंक कैशियर की मौत, मरने वालों की तादाद बढ़कर हुई पांच

Summary :

मरीमाता इलाके के एक बार में 24 जुलाई को शराब पीने के बाद बैंक कैशियर की तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

मध्य प्रदेश के इंदौर में बैंक कैशियर की मौत के बाद नकली शराब पीने से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। बाणगंगा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि 38 वर्षीय बैंक कैशियर मोहन सिंह की शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मरीमाता इलाके के एक बार में 24 जुलाई को शराब पीने के बाद सिंह की तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सिंह के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इस बीच, पुलिस अधीक्षक महेशचंद्र जैन ने बताया कि पखवाड़े भर के भीतर शहर के दो बार में शराब पीने के अलग-अलग घटनाक्रमों में चार अन्य लोगों की भी मौत हो चुकी है। इनकी उम्र 30 से 40 साल के बीच थी। 
उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच में पता चला कि शराब पीने के बाद दम तोड़ने वाले इन लोगों ने एक ही ब्रांड की कथित तौर पर नकली व्हिस्की का सेवन किया था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नकली शराब कांड में दोनों बारों के संचालकों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और मामले में विस्तृत जांच जारी है।

Desk Team