शिमला : भाजपा समर्थित कई संगठनों ने अभिनेत्री कंगना रनौत के प्रति एकजुटता प्रकट करते हुए बृहस्पतिवार को यहां कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। अभिनेत्री के मुंबई स्थित बंगले का एक हिस्सा बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) द्वारा गिराए जाने के एक दिन बाद इन संगठनों ने यहां प्रदर्शन किया।
भाजपा की प्रदेश इकाई की महिला मोर्चा की अध्यक्ष रश्मि धर सूद के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने शहर के सर्कुलर रोड पर स्थित कांग्रेस के कार्यालय का घेराव किया। बाद में प्रदर्शनकारियों ने शिमला के उपायुक्त से मुलाकात की और राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में महाराष्ट्र सरकार को रनौत के खिलाफ कथित राजनीतिक प्रतिशोध लेने के लिए भंग करने की मांग की गई है। इस ज्ञापन पर सूद सभा शिमला, नई आशाएं, संथन धर्म सभा और वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं।
महिला मोर्चा की राज्य महासचिव शीतल व्यास ने बताया कि कांग्रेस कार्यालय का घेराव इसलिए किया गया क्योंकि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री समेत अन्य कांग्रेस नेताओं ने ‘राज्य की बेटी’ के समर्थन में कुछ नहीं बोला है। शिवसेना शासित बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने मुंबई में बताया था कि अभिनेत्री के बंगले के ‘अवैध निर्माण’ के हिस्से को गिरा दिया गया।


Download Android App
Download iOS App



