महाराष्ट्र की उद्धव सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए जन्माष्टमी और दही हांडी समारोह पर प्रतिबंध लगाया है। प्रतिबंध के बावजूद बीजेपी विधायक राम कदम ने अपने घर पर दही हांडी का समारोह मनाने का ऐलान किया, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने उनका पूरा घर घेर लिया।
राम कदम ने कहा, हम मांग करते हैं कि सरकार को दही हांडी समारोह की अनुमति देनी चाहिए। हम COVID प्रोटोकॉल का पालन करेंगे। यह एक हिंदू त्योहार है और हम दही हांडी मनाएंगे भले ही (उद्धव) ठाकरे सरकार पुलिस बल का दुरुपयोग करे।

उन्होंने कहा कि “मैं पुलिस से अनुरोध करने के लिए मैं घाटकोपर जाऊंगा। यदि आवश्यक हो, तो मैं अनुमति के लिए राज्य के गृह मंत्री दिलीप वालसे-पाटिल से बात करने के लिए तैयार हूं। हम पांच गोविंदाओं के साथ दही हांडी मनाने के लिए भी तैयार हैं, जिन्हें पूरी तरह से टीका लगाया गया है।”
गौरतलब है कि राज्य में कोविड प्रोटोकॉल लागू है। इसके चलते किसी को भी सार्वजनिक तौर पर धार्मिक आयोजन करने की अनुमति नहीं दी गई है। वहीं बॉम्बे हाई कोर्ट ने मुंबई में सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ रही लोगों की भीड़ पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि अगर इसे नियंत्रित या सीमित नहीं किया गया, तो शहर को एक बार फिर इस साल कोविड-19 के मामले बढ़ने के दौरान उत्पन्न स्थिति जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।


Download Android App
Download iOS App



