मुंबई : बॉलीवुड में मादक पदार्थ के कथित गठजोड़ की जांच कर रहे मादक पदार्थ नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) जरूरत पड़ने पर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को पूछताछ के लिए बुला सकता है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एनसीबी के सूत्रों ने बताया कि कुछ व्हाट्सएप बातचीत में मादक पदार्थों की कथित तौर पर चर्चा करने वाले एजेंसी की रडार पर है। उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ बातचीत पादुकोण की मैनेजर करिश्मा प्रकाश और एक ‘‘डी’’ के बीच कथित तौर पर हुई है।
अधिकारी ने बताया कि एनसीबी अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, सारा अली खान और डिजाइनर सिमोन खंबाटा को भी इस सप्ताह बुला सकती है। एजेंसी करिश्मा प्रकाश और क्वान टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी के सीईओ ध्रुव चितगोपेकर को इस सिलसिले में पहले ही तलब कर चुकी है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘एनसीबी पहले करिश्मा प्रकाश से पूछताछ करेगी और जरूरत पड़ने पर दीपिका पादुकोण को भी बुला सकती है।’’ अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत मामले में मादक पदार्थ के दृष्टिकोण को लेकर एनसीबी की जांच के दौरान बॉलीवुड में मादक पदार्थो का एक गठजोड़ सामने आया था।
राजपूत की टैलेंट मैनेजर जया साहा से एनसीबी ने सोमवार को पूछताछ की थी। एनसीबी अब तक अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शौविक चक्रवर्ती समेत 12 से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गौरतलब है कि राजपूत गत 14 जून को यहां बांद्रा में स्थित अपने आवास में मृत मिले थे।


Download Android App
Download iOS App



